रायपुर में सनसनी: एक ही परिवार के 5 लोगों के संदिग्ध शव मिले
आर्थिक तंगी या कर्ज की आशंका, 5 दिन से आ रहे थे अनजान युवक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संजय नगर स्थित मदनी चौक के पास एक किराए के मकान में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी और तीन अन्य परिजन शामिल हैं। शुरुआती जांच में पुलिस ने जहरीला पदार्थ खाकर सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सैय्यद शाहिद मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग और पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का काम करता था. बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, उस पर बैंक की EMI के साथ-साथ निजी उधारी का भी दबाव था I
दरवाजा तोड़ा तो सामने आया खौफनाक मंजर: पड़ोसियों के मुताबिक, शनिवार सुबह जब परिवार की बच्चियां काफी देर तक बाहर नजर नहीं आईं, तो उन्हें संदेह हुआ। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और आवाज लगाने पर भी कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत टिकरापारा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो भीतर पांचों सदस्यों के शव पड़े हुए थे।
आर्थिक तंगी और अनजान युवकों का कनेक्शन : स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, यह परिवार पिछले कुछ समय से भारी आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। पड़ोसियों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि पिछले पांच दिनों से कुछ अज्ञात युवक लगातार इस घर में आ-जा रहे थे। पुलिस अब इस इनपुट को बेहद गंभीरता से ले रही है। जांच की जा रही है कि क्या मामला पैसों के लेन-देन या कर्ज के दबाव से जुड़ा हुआ है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत मौके को सील कर दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन, दस्तावेजों और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। परिवार के परिचितों और पड़ोसियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे युवक कौन थे और परिवार पर किस तरह का दबाव था। पुलिस आर्थिक तंगी, कर्ज और पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित कोणों पर काम कर रही है।




