ईरागांव में धर्मांतरण गतिविधियों के विरोध में ग्रामसभा सख्त, लगाया सूचना बोर्ड ।
ईरागांव में धर्मांतरण गतिविधियों के विरोध में ग्रामसभा सख्त, लगाया सूचना बोर्ड ।

भानुप्रतापपुर/संतोष गर्ग:- भानुप्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम ईरागांव में धर्मांतरण गतिविधियों को लेकर ग्रामसभा द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। ग्रामसभा के प्रस्ताव के बाद गांव में एक सूचना बोर्ड स्थापित किया गया है, जिसमें धर्म प्रचारक पादरी एवं पास्टरों के गांव में प्रवेश पर रोक लगाए जाने की जानकारी दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, धर्म परिवर्तन के बाद कुछ लोगों द्वारा गांव की परंपराओं, पूजा-पद्धति, देवी-देवताओं एवं सामाजिक व्यवस्थाओं से दूरी बनाए जाने के कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। इसी विषय पर ग्रामसभा में चर्चा के बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
ग्रामसभा के निर्णय के तहत धर्मांतरण गतिविधियों के उद्देश्य से गांव में आने वाले पादरी-पास्टरों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया गया तथा इसकी जानकारी देने के लिए गांव में सूचना बोर्ड भी लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्णय गांव की सामाजिक एकता, पारंपरिक संस्कृति और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। वहीं इस निर्णय को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
बैठक में ग्राम पटेल प्रयाग सिंह कोरेटी, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र टेकाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




