कोरर में नशीली टैबलेट की बड़ी खेप जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
उजियारा अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, 1,410 ALPRAZOLAM टैबलेट बरामद

Editor: Santosh Garg, Mobile: 8878567499

भानुप्रतापपुर/कोरर। नशे के खिलाफ कांकेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘उजियारा अभियान’ के तहत कोरर पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ALPRAZOLAM की ALZOMAC-0.5 की 1,410 टैबलेट बरामद की हैं।पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को किशनपुरी स्कूल के पास नशीली टैबलेट की खरीद-बिक्री होने की सूचना मिली थी। सूचना पर कोरर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक जब्त नशीली टैबलेट का वजन करीब 183 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25,500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये, तथा बिक्री से प्राप्त 6 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार कुल जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 76,500 रुपये है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल शेख सादिक अनस बालोद क्षेत्र से नशीली टैबलेट लेकर बिक्री के लिए पहुंचा था। उसके कब्जे से बिक्री की रकम और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
1- शेख शादाब खान उर्फ सद्दू, उम्र 25 वर्ष, बाजारपारा भानुप्रतापपुर
2- हिमांशु साहू, उम्र 22 वर्ष, बिजलीपारा चारामा
3- वसीम खान, उम्र 19 वर्ष, ढोकला, हाल महापारा चारामा
4-शेख सादिक अनस, उम्र 25 वर्ष, हाल मोहारपारा बालोद, मूल निवासी अधारी नवागांव, धमतरी
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 22(ग) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी राजेंद्र साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक ऋषभ वाजपेई, सहायक उप निरीक्षक उमेश वर्मा सहित थाना कोरर एवं साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार पर कार्रवाई का संदेश गया है।




