दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, टक्कर के बाद लगी आग से मची अफरा-तफरी
पखांजुर में फायर ब्रिगेड न होने से बढ़ी मुश्किल, 150 किमी दूर कांकेर से बुलाई गई दमकल

पखांजुर / संतोष गर्ग। पखांजुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मटोली चौक पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
स्टेट हाईवे पर लगा लंबा जाम, यातायात बाधित
इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्य स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोनों ओर से आ रहे वाहनों के पहिए थम गए और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पखांजुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लोगों को जलते हुए ट्रकों के पास जाने से सख्ती से रोक दिया।
पखांजुर में दमकल नहीं: प्रशासन की बड़ी लापरवाही आई सामने
स्थानीय निवासियों ने इस घटना के बाद प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पखांजुर जैसे संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की कोई सुविधा नहीं है। आग बुझाने के लिए सबसे नजदीकी दमकल वाहन जिला मुख्यालय कांकेर में उपलब्ध है, जो घटनास्थल से लगभग 150 किलोमीटर दूर स्थित है। इतनी लंबी दूरी होने के कारण दमकल समय पर मौके पर नहीं पहुँच सकी, जिससे आग पर काबू पाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और नुकसान बढ़ता गया।
पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर पावर स्थिति को नियंत्रित किया साथ ही बाधित यातायात को सुचारू भी रूप से बहाल किया। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी आपदाओं से निपटने के लिए पखांजुर में स्थायी रूप से दमकल वाहन की व्यवस्था की जाए।




