आकाशीय बिजली का कहर: अंतागढ़ के कलगांव में तालाब निर्माण के दौरान गिरी गाज
उपसरपंच सहित 3 ग्रामीणों की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल


कलगांव (अंतागढ़/कांकेर)/ संतोष गर्ग
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला अंतर्गत जनपद पंचायत अंतागढ़ के ग्राम पंचायत कलगांव में आज सुबह एक बेहद हृदय विदारक और दुखद घटना सामने आई है। रोजगार गारंटी (मनरेगा) के तहत चल रहे तालाब निर्माण कार्य के दौरान अचानक तेज आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से भारी जनहानि हुई है। इस दर्दनाक हादसे में गांव के उपसरपंच सहित तीन लोगों की असमय मौत हो गई है, जबकि चार अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं।
काम के दौरान अचानक बरपा कुदरत का कहर
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 8 बजे ग्राम पंचायत कलगांव में रोजगार गारंटी के तहत तालाब निर्माण का कार्य चल रहा था। रोजाना की तरह करीब 60 से 70 मजदूर अपनी आजीविका के लिए काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान मौसम बदला और अचानक गरज-चमक के साथ सीधे कार्यस्थल पर आकाशीय बिजली गिर गई। गाज की चपेट में आने से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में उपसरपंच सहित 3 की मौत, 4 गंभीर
इस आकाशीय गाज की चपेट में आने से गांव ने अपने तीन होनहार और जिम्मेदार नागरिकों को खो दिया है। मृतकों में शामिल हैं:
मनराज पटेल (उपसरपंच, ग्राम पंचायत कलगांव)
प्रकाश पटेल
संतोष पटेल
इस घटना में 4 अन्य ग्रामीणों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें मरुभूमि से निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
सरपंच प्रमिला नाग ने जताया गहरा शोक
इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कलगांव की सरपंच प्रमिला नाग ने कहा:
”आज सुबह हमारे गांव में एक बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना घटी है। हमने अपने उपसरपंच मनराज पटेल, बड़े भैया प्रकाश पटेल और संतोष पटेल को हमेशा के लिए खो दिया है। मैं सभी मृतकों को सादर नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। हादसे में जो भी ग्रामीण घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूँ। इस कठिन और दुख की घड़ी में, मैं और हमारा पूरा गांव पीड़ित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।”
प्रशासनिक अमला अलर्ट, गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुँच चुकी है। घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस अचानक हुई बड़ी जनहानि के बाद से पूरे कलगांव और अंतागढ़ क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
ब्यूरो रिपोर्ट, Jungle News Live
आवाज बस्तर से…




