कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा में जैविक खेती पर कार्यशाला आयोजित; भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान ने दी तकनीकी जानकारी
माई दंतेश्वरी के दरबार में टेका माथा, मांगा प्रदेश की समृद्धि का आशीर्वाद

दंतेवाड़ा I आज जिला दंतेवाड़ा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से एक दिवसीय ‘जैविक खेती कृषि कार्यशाला’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के प्रदेश प्रचार-प्रसार सह मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित हुए।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता नरोत्तम सिंह चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में जैविक खेती केवल पर्यावरण और स्वास्थ्य की रक्षा के लिए ही आवश्यक नहीं है, बल्कि यह किसानों के लिए कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने किसानों को रासायनिक खादों और कीटनाशकों के स्थान पर प्राकृतिक व जैविक खादों के उपयोग पर जोर देने की बात कही। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
माई दंतेश्वरी के दरबार में टेका माथा, मांगा प्रदेश की समृद्धि का आशीर्वाद
दंतेवाड़ा प्रवास के इस पावन अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान प्रसिद्ध शक्तिपीठ ‘माई दंतेश्वरी मंदिर’ पहुंचे। उन्होंने माता दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन कर पूरे विधि-विधान से आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन के उपरांत श्री चौहान ने कहा, “माई दंतेश्वरी की इस पावन भूमि पर आकर असीम शांति की अनुभूति होती है। मैंने माता के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश के समस्त अन्नदाताओं (किसानों) की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और छत्तीसगढ़ राज्य की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना की है।”
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ, भाजपा किसान मोर्चा के स्थानीय पदाधिकारी सहित भारी संख्या में क्षेत्र के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।




