कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी के म्यूल खातों का खुलासा, दो गिरफ्तार
3.37 करोड़ से अधिक की ठगी का मामला आया सामने

भानुप्रतापपुर/कांकेर: कांकेर पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल (Mule) बैंक खातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। बैंक ऑफ बड़ौदा में संचालित इन खातों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था।
11 राज्यों की शिकायतों से जुड़े तार
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के तहत साइबर सेल कांकेर के पत्र के आधार पर थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों की जांच शुरू की थी। जांच में पता चला कि इन खातों का उपयोग देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम को जमा करने और अन्य खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने इन्हें ‘लेयर-01’ म्यूल बैंक खाते के रूप में चिन्हित किया है।
जांच के दौरान बिहार, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना जैसे विभिन्न राज्यों से जुड़ी कुल 11 साइबर शिकायतें इन खातों से संबंधित पाई गईं। इन सभी मामलों में लगभग 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी का उल्लेख है। फिलहाल, संबंधित खातों में 67,850 रुपये की राशि होल्ड कराई गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भापुसे) के निर्देशन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर श्री शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य और संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1. अखिलेश्वर जैन (25 वर्ष), पिता कृष्णा जैन, निवासी- उत्तामारा, थाना दुर्गूकोंदल।
2. सतीश कुमार उसेंडी (26 वर्ष), पिता चैतू राम उसेंडी, निवासी- जैपरा, थाना दुर्गूकोंदल, जिला कांकेर।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 318(3) एवं 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
– संतोष गर्ग (एडिटर)
जंगल न्यूज़ लाइव, आवाज बस्तर से




