भानुप्रतापपुर: हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मजदूर गंभीर, अवैध निर्माण और प्रशासनिक अनदेखी पर उठे सवाल
सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का मामला

Editor- Santosh Garg / Jungle News Live
भानुप्रतापपुर | जंगल न्यूज लाईव डेस्क : नगर में मकान निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में घायल मजदूर को इलाज के लिए भानुप्रतापपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही 112 और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुँची।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा कथित तौर पर अवैध रूप से निर्मित हो रहे मकान में काम करने के दौरान हुआ। निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे।
इस घटना के बाद अब स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं:
• हाईटेंशन तार के नीचे निर्माण कैसे? सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मकान की छत के ऊपर जानलेवा हाईटेंशन बिजली तार मौजूद था, तो निर्माण कार्य की अनुमति कैसे मिली?
• सुरक्षा मानक शून्य: क्या निर्माण शुरू करने से पहले बिजली विभाग से एनओसी या सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश लिए गए थे? अगर खतरे की जानकारी थी, तो मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरणों के काम पर क्यों उतारा गया?
किसकी शह पर चल रहा था तेजी से निर्माण?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर इस निर्माण कार्य को काफी तेजी से पूरा कराया जा रहा था। क्या संबंधित विभागों ने कभी इस स्थल का निरीक्षण किया? अगर यह निर्माण पूरी तरह अवैध था, तो जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते इस पर रोक क्यों नहीं लगाई?
बड़ा सवाल: यह मामला सिर्फ एक मजदूर के झुलसने का नहीं, बल्कि उस पूरी व्यवस्था पर है जिसकी सरपरस्ती में जानलेवा खतरों के बीच अवैध निर्माण बेधड़क जारी रहते हैं।
रसूखदारों पर मेहरबानी, गरीबों पर सख्ती?
इस घटना ने भानुप्रतापपुर नगर के भीतर फैल रहे अतिक्रमण और अवैध निर्माणों की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि प्रशासन का चाबुक सिर्फ आम और गरीब जनता पर चलता है। यदि कोई बेरोजगार युवक सड़क किनारे ठेला लगा ले, तो प्रशासनिक अमला तुरंत कार्रवाई करने पहुँच जाता है, लेकिन रसूखदारों द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माणों और अतिक्रमण पर आँखें मूँद ली जाती हैं। अतिक्रमण की इसी कड़ी में चौपाटी रोड में भी एक व्यावसायिक परिसर का निर्माण जोड़ों पर है जिसका पहले भी कई बार स्थानीय लोगों ने विरोध किया था पर वह भी धीरे-धीरे अपने निर्माण के अंतिम चरण पर पहुंच चुका है जिसमें किसी प्रकार की कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई।
निष्पक्ष जांच की मांग
नगरवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। मकान मालिक, ठेकेदार और लापरवाही बरतने वाले संबंधित विभागीय कर्मचारियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य मजदूर की जान जोखिम में न पड़े।




